Breaking News

शिवसेना ने राफेल के बहाने फिर किया मोदी पर हमला

09 Feb, 2019 551

संवाददाता।in24 न्यूज़.

शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी का रिश्ता क्या कहलाता है, ये कई बार आम आदमी नहीं समझ पाता, बावजूद इसके दोनों पार्टियों के रिश्ते की बुनियाद कैसी है इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिवसेना समय-समय अपने व्यंग्यवाण चलाती रहती है. कई बार ऐसा लगता है कि इनका गठबंधन संभवतः टूट जायेगा, मगर ऐसा होता नहीं। बहरहाल शिवसेना ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात का जवाब देना चाहिए कि राफेल सौदा वायु सेना को मजबूत करने के लिए हुआ है या आर्थिक रूप से परेशान एक उद्योगपति की हालत ठीक करने के लिए हुआ। शुक्रवार को ‘द हिंदू’ अखबार में छपी एक रिपोर्ट के बाद पार्टी की यह टिप्पणी आई है। उस खबर में यह दावा किया गया है कि रक्षा मंत्रालय ने भारत और फ्रांस के बीच 59,000 करोड़ रुपये के राफेल सौदे को लेकर बातचीत के दौरान पीएमओ द्वारा की गई ‘समानांतर चर्चा पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में कहा कि मोदी ने गुरुवार को संसद में ‘‘देशभक्ति’’ पर भाषण दिया और इस सौदे का बचाव किया था। लेकिन अगले ही दिन, ‘काला चिट्ठा’ (दस्तावेज) सामने आ गया, जिसने देशभक्ति के नारे लगाने और सदन में ताली बजाने वाले लोगों को चुप करा दिया। किसी का नाम लिए बगैर, शिवसेना ने कहा कि मोदी से इस बारे में जवाब की उम्मीद की जाती है कि यह सौदा वायुसेना को मजबूत करने के लिए किया गया या आर्थिक रूप से परेशानहाल एक उद्योगपति के लिए किया गया है। राफेल मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा की जा रही सरकार की लगातार आलोचना का जिक्र करते हुए उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली इस पार्टी ने यह भी पूछा कि इसके लिए विपक्ष को क्यों दोषी ठहराया जाना चाहिए।

दूसरी तरफ रक्षा मंत्री सीतारमण ने अखबार में प्रकाशित खबर को अधूरा करार दिया है. 

अन्य खबरे