संसद में निर्दलीय महिला सांसद का गंभीर आरोप
23 Mar, 2021
1943
ब्यूरो रिपोर्ट/in24 न्यूज़
महाराष्ट्र के अमरावती लोकसभा क्षेत्र से बतौर निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत पर आरोप लगाते हुए कहा कि संसद की लॉबी में शिवसेना के सांसद ने उन्हें धमकाया. इस मसले पर विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया है कि अब दोनों ही सांसदों के बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला भी शुरू हो गया है. दरअसल निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने बीते दिन लोकसभा में महाराष्ट्र में कथित तौर पर हुए 100 करोड़ की वसूली कांड का मुद्दा उठाया था और महा विकास आघाडी सरकार पर उन्होंने जमकर हमला बोला था. उसके ठीक बात जब वह सदन से बाहर निकली तो उन्होंने शिवसेना सांसद अरविंद सावंत पर धमकी देने का आरोप लगाया. यही नहीं इस मामले में उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी भी लिखी है और एफ आई आर दर्ज कराने की मांग की है. नवनीत राणा ने अब इस पूरे विवाद को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर उनसे एक्शन लेने की अपील की है.
निर्दलीय सांसद नवनीत राणा के आरोपों को लेकर शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत ने भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि नवनीत राणा के बात करने का जो तरीका है, वह गलत है. अरविंद सावंत ने यह भी कहा कि यदि नवनीत राणा का वह वीडियो निकाला जाए तो उसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि उन्होंने किस बॉडी लैंग्वेज में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का नाम लिया. अरविंद सावंत का कहना है कि नवनीत राणा सही तरीके से बात नहीं कर रही है और हमने आज तक नवनीत राणा को कुछ भी नहीं कहा. नवनीत राणा का कहना है कि उन्होंने सदन में असली मुद्दों पर बात की. संविधान और लोगों ने जो अधिकार दिया, उसके मुताबिक बात की. लेकिन शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत को इससे मिर्ची लग गई. नवनीत राणा का कहना है कि अरविंद सावंत कहते हैं कि मेरी बॉडी लैंग्वेज अच्छी नहीं थी, इस पर क्या कोई पुरुष मुझे बताएगा कि मुझे कैसे बात करनी चाहिए ? नवनीत राणा का कहना है कि मेरा बात करने का यही तरीका है. उन्होंने कहा कि मैंने संसद में जब अपना भाषण समाप्त किया तब क्रॉस होते ही अरविंद सावंत ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि अब तुम्हारी बारी है, तुम्हें जेल भेजना है. आपको बता दें कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर जो आरोप लगे हैं उसके बाद से ही संसद में हंगामे का माहौल है. बीजेपी की ओर से बड़े जोर-शोर तरीके से इस मसले को उठाया गया और अब नवनीत राणा का संसद में दिया गया भाषण सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है.