संसद से निष्कासन के खिलाफ महुआ मोइत्रा ने लगाई सुप्रीम कोर्ट से गुहार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकसभा से अपने निष्कासन के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता महुआ मोइत्रा ने आज सुप्रीम कोर्ट के समक्ष दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई की गुहार लगाई। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल की अगवाई वाली पीठ के समक्ष मोइत्रा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एएम सिंघवी ने विशेष उल्लेख के दौरान उनकी रिट याचिका पर तत्काल सुनवाई की गुहार लगाई। इस पर पीठ ने कहा कि इस मामले को मुख्य न्यायाधीश से गुहार लगाई जाए। सुश्री मोइत्रा ने सोमवार को याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने लोकसभा से निष्कासित करने के फैसले को अन्यायपूर्ण और मनमाना तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ बताया है। सुश्री मोइत्रा पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थीं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उन पर रुपए लेकर लोकसभा में सवाल पूछने का आरोप लगाया था। उनकी शिकायत पर इस मामले में संसद की आचार समिति ने जांच की। समिति की सिफारिश पर आठ दिसंबर को लोकसभा में सुश्री मोइत्रा को निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित हुआ था।