जेल से फिर अस्पताल पहुंचे आज़म खान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खान की तबीयत आज फिर बिगड़ गई है। सीतापुर जेल से उऩ्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज के लिए उन्हें लखनऊ ले जाया गया। मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि आजम खान को कमजोरी और सांस लेने में दिक्कत की वजह से अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल केयर टीम और अन्य विशेषज्ञों का दल उनकी जांच कर रहा है। उनकी ब्लड संबंधी जांचें कराई गई हैं। चेस्ट की भी जांच कराई जा रही है। अभी उनकी तबीयत स्थिर एवं नियंत्रण में है। मालूम हो कि सीतापुर जेल में कोरोना संक्रमित होने के बाद सपा सांसद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला खा को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां सांसद को किडनी में समस्या हो गई थी। बाद में उन्हें पेशाब उतरने में भी समस्या होने लगी थी। ऑपरेशन के बजाय दवाओं से चिकित्सकीय प्रबंधन किया गया। ठीक होने पर 13 जुलाई को डिस्चार्ज कर दिया गया था। यहां से उन्हें दोबारा सीतापुर जेल भेज दिया गया था। मगर उनकी हालत बिगड़ने के बाद उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।