55 दिन बाद संदेशखाली का गुनहगार शाहजहां शेख गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के गुनहगार शाहजहां शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का नेता है, जिसे 55 दिन बाद गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख को आज सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि शेख को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली से लगभग 30 किलोमीटर दूर मिनाखान में एक घर से गिरफ्तार किया गया। गत पांच जनवरी को ईडी की टीम राशन घोटाले के सिलसिले में शाहजहां शेख को ठिकानों पर छापामारी करने गई थी। उस दौरान शाहजहां शेख और उसके गुर्गों ने ईडी की टीम पर हमला कर दिया था, तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि शाहजहां शेख काफी साल पहले बांग्लादेश से आया था और फिर यहां मजदूरी करने लगा। धीरे-धीरे उसने गुंडागर्दी से अपना सम्राज्य फैला लिया और अकूत संपत्ति बना ली। गौरतलब है कि संदेशखाली की महिलाओं में अत्याचारी शाहजहां शेख ने दहशत फैला रखी थी, जिसे अब सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।