पुडुचेरी में वोटिंग के दौरान साड़ी पहने रोबोट नीला ने मतदाताओं का किया स्वागत
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सभी 30 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। नागरिक बड़े उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे, वहीं प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस बीच, इस चुनाव में प्रौद्योगिकी और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि साड़ी पहने 'नीला' नाम का एक स्वागत रोबोट पुडुचेरी में अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। आयोग ने पोस्ट में कहा, पुडुचेरी में नवाचार और परंपरा का संगम है। स्वागत रोबोट 'नीला' पुडुचेरी में जीवंत चुनाव प्रक्रिया के साक्षी बने आईवीपी के प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है।
इससे पहले, आयोग ने एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं का स्वागत करते हुए रोबोट का वीडियो साझा किया था। पोस्ट में लिखा था, शानदार स्वागत! पुडुचेरी के एक मतदान केंद्र पर रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। यह कर्तव्य और जिम्मेदारी का दिन है—चलिए वोट डालें। मतदान केंद्रों पर मौजूद रोबोट 'नीला' ने मतदाताओं का ध्यान आकर्षित किया।
मतदान केंद्रों पर मौजूद रोबोट 'नीला' ने चुनाव प्रक्रिया को अधिक आधुनिक और आकर्षक बना दिया है। मतदाताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना की है। मतदान शाम तक जारी रहा और सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग किया।शासन व्यवस्था, कल्याणकारी योजनाएं, रोजगार और नेतृत्व इस चुनाव के मुख्य मुद्दे हैं। अब 4 मई को आने वाले परिणाम तय करेंगे कि पुडुचेरी में एनडीए सरकार बनी रहेगी या राजनीतिक परिवर्तन होगा।