भारतीय आर्थिक-विदेश नीति की चीन ने की तारीफ

 05 Jan 2024  299

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत की आर्थिक तरक्की को देखते हुए चीन ने मोदी सरकार की तारीफ की है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के लेख में कहा गया है कि भारत वैश्विक कारोबार, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और राजनीति के मामले में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। उसका दुनिया में कद बढ़ा है। फुदान यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडी के डायरेक्टर झांग जियाडोंग ने यह लेख लिखा है। उन्होंने लिखा है कि अपने तेज आर्थिक और सामाजिक विकास से भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है। वह आज दुनिया में भरोसे के साथ आगे बढ़ रहा है और महत्त्वपूर्ण हो गया है। उसने पूरी मजबूती के साथ भारत नैरेटिव को आगे बढ़ाया है। दुनिया में लगातार आगे बढ़ रहे भारत का लोहा मानने वाले देशों की लंबी फेहरिस्त में अब चीन भी शामिल हो गया है। कुछ दिन पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी की तारीफ की थी। अब चीन ने भी भारत का लोहा मान लिया है। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने हाल ही में प्रकाशित एक लेख में पीएम मोदी सरकार की तारीफ में कसीदें पढ़े हैं। ग्लोबल टाइम्स लिखता है कि पिछले दस साल में भारत सरकार ने वैश्विक व्यापार, संस्कृति और राजनीति सहित तमाम मुद्दों पर बेहतर दृष्टिकोण अपनाया है। जियाडोंग ने ग्लोबल टाइम्स में लिखा है कि अपने तेजी से आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ भारत खुद को विकसित करने में रणनीतिक रूप से अधिक आश्वस्त और सक्रिय हो गया है। लेख के मुताबिक, भारत अब रणनीतिक रूप से ज्यादा विश्वास से भरा हुआ है और अपने भारत नैरेटिव के विकास के लिए ज्यादा सक्रियता से काम कर रहा है। जियाडोंग लिखते हैं कि मैंने हाल ही में दो बार भारत का दौरा किया, जो चार वर्षों में मेरी पहली यात्रा भी है। जियाडोंग लखते हैं कि कूटनीतिक क्षेत्र में, भारत तेजी से एक महान शक्ति की ओर बढ़ रहा है। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली है, उन्होंने अमेरिका, जापान, रूस और अन्य देशों और क्षेत्रीय संगठनों के साथ भारत के संबंधों को बढ़ावा देने की रणनीति पर जोर दिया है। अब, विदेश नीति में भारत की रणनीतिक सोच में एक और बदलाव आया है और वह स्पष्ट रूप से एक महान शक्ति होना दर्शाता है। बता दें बदलते वक्त के साथ भारत की तरक्की को चीन को भी मानना पड़ा है।