सूरत केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग, सात कर्मचारियों के कंकाल बरामद

 30 Nov 2023  432

संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक रसायन फैक्टरी में विस्फोट के बाद आग लगने से गुजरात के सूरत शहर में सात लोगों की मौत हो गई है। मृतकों के शव आज सुबह बरामद कर लिए गए हैं। सूरत के डीसी आयुष ओक ने कहा कि एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के केमिकल प्लांट में मृत पाए गए सात लोगों में से एक कंपनी का कर्मचारी था, जबकि छह अन्य कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कंपनी में करीब 150 कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे में करीब 25 कर्मचारी घायल हुए थे और सात कर्मचारी लापता थे। कंपनी ने सात कर्मचारियों के लापता होने की बात छुपाई थी। इन सभी लोगों के कंकाल आज सुबह बरामद हुए हैं। घायल मजदूरों का अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद कलेक्टर कार्यालय भी हरकत में आ गया है। फिलहाल कंपनी में अग्नि सुरक्षा सहित सभी पहलुओं को गहन जांच की जा रही है। वहीं, पता चला है कि श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कंपनी को क्लोजर नोटिस जारी किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।