गौतम प्रतिष्ठान ने शैलेश लोढ़ा को प्रथम आलोक भट्टाचार्य साहित्य सम्मान से सम्मानित किया

 18 Mar 2024  417
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुंबई में गौतम प्रतिष्ठान द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को माटुंगा रेल अधिकारी क्लब में एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। कवि-अभिनेता और मोटिवेशनल स्पीकर शैलेश लोढ़ा को प्रथम आलोक भट्टाचार्य साहित्य सम्मान से प्रदान किया गया। हास्य कलाकार सुनील पाल को प्रथम गूफी पैंटल बेस्ट कॉमेडियन सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार नंदलाल पाठक ने उन्हें सम्मान चिन्ह, शॉल, श्रीफल और पौधा प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में शैलेश लोढ़ा ने वर्तमान समय में कविता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जब कवि जागरुक होकर समाज की चिंता करता है तो स्वच्छ समाज का निर्माण होता है। समाज में कविता का महत्व सदियों से रहा है और अनंत काल तक बना रहेगा। शैलेश लोढ़ा ने कहा कि कविता उनकी रगों में बहती है और वे आज जो भी कुछ हैं, वह सिर्फ कविताओं की बदौलत हैं। उन्होंने कहा कि कवियों को भी कविता की ताकत को समझना होगा। प्रसिद्ध कॉमेडियन सुनील पाल ने अपने चुटीले अंदाज में हास्य प्रस्तुति दी और गुफी पेंटल को याद करते हुए उन्हें फिल्म जगत का बड़ा सितारा बताया। कथा सम्मान से सम्मानित कथाकार हरीश पाठक ने आलोक भट्टाचार्य के साथ बिताए अपने समय को याद करते हुए कहा कि आलोक समाज पर पैनी नजर रखने वाले श्रेष्ठ कवि-लेखक के साथ ही अपने मित्रों के लिए दिन रात तनकर खड़ा रहने वाले व्यक्ति थे। पत्रकार अभय मिश्र ने प्रथम आलोक भट्टाचार्य पत्रकार सम्मान के लिए गौतम प्रतिष्ठान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान को पाकर वे गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और इस सम्मान ने उनकी जिम्मेदारी को बढ़ा दिया है। पचास वर्षों से मंच संचालक के रूप में प्रसिद्ध सुभाष काबरा को मंच सारथी सम्मान से सम्मानित किया गया। एचपीसीएल के राजभाषा प्रमुख सलीम खान को राजभाषा सेवा सम्मान, लेखिका सुलभा कोरे को भाषा सेतु सम्मान, बिलियर्ड्स के विश्व चैंपियन अशोक शांडिल्य को खेल सम्मान, संगीता बाजपेई को पर्यावरण संरक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सुमिता केशवा ने अपनी हास्य कविताएं प्रस्तुत की। सम्मान समारोह में अतिथि के रूप में संस्कृतिकर्मी अशोक बिंदल, गीतकार और महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सदस्य अरविंद शर्मा 'राही', वरिष्ठ लेखक और सृजनिका के संपादक डॉ.अमरीश सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश त्रिपाठी, आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, उद्योगपति प्रशांत फुलवने, हेरी पेंटल, तुषार भट्टाचार्य उपस्थित थे। प्रस्तावना वरिष्ठ गीतकार रासबिहारी पांडेय ने रखी और सम्मान समारोह की जानकारी गौतम प्रतिष्ठान के ट्रस्टी डॉ.मुकेश गौतम ने दी। कार्यक्रम का संचालन लेखक डॉ.रमेश यादव ने किया। विमला गौतम, पूजा अलापुरिया, लता जोशी, निशा मिश्रा, मनीषा सिंह, विनीता और सुनीता चौहान ने कार्यक्रम के संयोजन में विशेष सहयोग दिया।