मुंबई में दही हांडी की धूम, मालामाल होंगे गोविंदा

 27 Aug 2024  193

महाराष्ट्र के मुंबई समेत देशभर के कई हिस्सों में आज दही-हांडी उत्सव बहुत ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। दही-हांडी का त्योहार भाद्रपद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन यानी कि नवमी को मनाया जाता है। दही-हांडी के दौरान मुंबई में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कोई चूक न हो, इसका खास इंतजाम किया गया है। जगह-जगह 11,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बीजेपी से जुड़े स्वामी प्रतिष्ठान के शिवाजी पाटिल ने दही हांडी कार्यक्रम के लिए 50 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। जब कि पहले 9 पिरामिड बनाने वाले गोविंदा के लिए मनसे ने 11 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। 

मुंबई में दही हांडी के मौके पर अलग-अलग जगहों पर बड़े इनाम का ऐलान किया गया है। ठाणे में कल्चर यूथ फाउंडेशन दही हांडी के मौके पर सबसे बड़ा इनाम देने जा रहा है। यह फाउंडेशन विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले गोविंदा समूह को 25 लाख रुपये का इनाम देगा। पहले 9 मानव पिरामिड बनाने वाले समूह को 11 लाख रुपये मिलेंगे। नगर पालिका स्कूल ग्राउंड में होने वाली इस दही हांडी में पहले 9 मानव पिरामिड बनाने वाली गोविंदा की टोली को 11 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसका आयोजन विधायक प्रताप सरनाइक करवा रहे है। 

पूर्व शिवसेना विधायक रविंद्र पाठ दही हांडी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ठाणे और मुंबई में दही हांडी कार्यक्रम के जीतने वाली टीम के लिए 11 और 21 लाख रुपए की इनामी राशि रखी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा ठाणे के टेम्बी नाका पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम में गोविंदा समूहों के लिए पुरस्कारों की बौछार होगी। हर समूह को 100,000 रुपये का इनाम मिलेगा। 

दही हांडी उत्सव के दौरान ‘गोविंदा’ के घायल होने की आशंका को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)  की तरफ से खास तैयारी की गई है। बीएमसी ने एहतियातन अपने सभी अस्पतालों में गोविदाओं के लिए बेड अरक्षित रखे हैं। जहां घायल गोविदाओं का मुफ़्त में इलाज किया जाएगा। भायखला के सरकारी जेजे अस्पताल में घायल गोविंदा के लिए  आईसीयू में 10 बेड आरक्षित किए गए है। जेजे अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आपदा वार्ड में और बेड उपलब्ध होंगे।