श्मशान घाट में बारात आई और वहीं से हुई डोली की विदाई

 08 Feb 2023  585

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कुछ लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए हद से गुज़र जाते हैं! पंजाब (Punjab) से एक अनोखी शादी  का मामला सामने आया है। अमृतसर (Amritsar) के मोहकमपुरा इलाके में एक बारात शादी के लिए श्मशान घाट (graveyard) में पहुंची। श्मशान घाट में ही विवाह की रस्में पूरी की गईं और लड़की पूजा की डोली की विदाई भी वहीं से की गई। यह पहली घटना है कि किसी श्मशान से डोली उठी हो। वर वधु ने अपने नए जीवन की शुरुआत मोहकमपुरा के बिल्ला वाला चौक स्थित श्मशान घाट से की है। लड़की का परिवार गरीब है और  श्मशान घाट  में ही रहता है। लडकी पूजा अपने दादा दादी के साथ रहती थी। दादा की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। अब दादी और पोती ही शमशान घाट में बने छोटे से पुराने घर के कमरे में रह रही हैं। दादी प्रकाश कौर को पूजा की शादी की चिंता थी। परिवार गरीब होने के कारण बेटी की शादी के लिए पैलेस बुक नहीं करवा सकता था। इलाका निवासियों ने बारात के खाने, शगुन, परिवार के लिए जरूरत की सामग्री आदि की मदद के साथ बेटी की शादी की और यहीं से डोली को पूरे सम्मान के साथ विदा किया गया। इलाके के निवासियों अशोक कुमार, मनदीप सिंह और राजेश कुमार ने बताया कि जोड़ा फाटक से बिल्ला वाला चौक के पास श्मशान घाट में यह शादी करवाई गई है। यही पर ही दादी और उसकी एक पोती लंबे समय से रह रहे थे। दादी की उम्र भी काफी अधिक है। इलाका निवासियों ने बेटी के लिए एक लड़का ढूंढा और शादी करवा दी। लड़के के परिवार ने भी शमशान में रहने वाले परिवार की लड़की के साथ शादी करने पर कोई एतराज नहीं जताया। जिस के चलते लोगों के सहयोग से सारी विवाह की रस्मों को पूरा करके डोली शमशान घाट से विदा की गई। बरात के लिए खान पान की भी वहीं पर हलवाई लगा कर व्यवस्था की गई थी। इलाका निवासियों ने कहा कि श्मशान से पवित्र कोई जगह नहीं है। एक न एक दिन हर एक को यहां आना पड़ता है। बता दें कि इस अनोखी शादी की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है।