एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्री की शर्मनाक हरकत, सीट पर ही कर दिया शौच और पेशाब
27 Jun, 2023
2217
संवाददाता/in24न्यूज
हवा में यात्रियों का दुर्व्यवहार थमने का नाम नहीं ले रहा है.अब एयर इंडिया की फ्लाइट में एक बार फिर से चौंकाने वाली घटना हुई है. विमान में एक यात्री ने पहले पेशाब किया और फिर शौच कर दिया. इतना ही नहीं अन्य यात्रियों के विरोध के बावजूद कथित यात्री फ्लाइट में थूकता भी रहा. यह शर्मनाक घटना 24 जून को मुंबई से दिल्ली जा रही फ्लाइट में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम राम सिंह है. जिसे दिल्ली की आईजीआई यानी इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294/510 के तहत एफआईआर दर्ज की है. पुलिस के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट में राम सिंह नाम के यात्री ने एयरक्राफ्ट में पेशाब और शौच किया. फिर थूका. ये घटना फ्लाइट नंबर एआईसी 866 में हुई है. यात्री की केबिन क्रू मेंबर और दूसरे यात्रियों से कहासुनी भी हुई है और काफी देर तक हंगामा होता रहा. क्रू मेंबर ने तुरंत इसकी जानकारी एयरक्राफ्ट के पायलट और एयर इंडिया की सिक्योरिटी को दी. वहीं दिल्ली उतरते ही घिनौनी हरकत करने वाले यात्री राम सिंह को आईजीआई पुलिस के हवाले कर दिया गया.