Breaking News

कोरोना वायरस की जानकारी देनेवाले डॉक्टर की चीन में मौत

07 Feb, 2020 1014

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना वायरस की जानकारी देनेवाले डॉक्टर के उसके वायरस की चपेट में आने से मौत हो गई. गौरतलब है कि चीन से सबसे पहले कोरोना वायरस फैला और मौत का तांडव शुरू हो गया. चीन को सबसे पहले कोरोना वायरस के बारे में बताने वाले डॉक्टर ली वेनलियांग खुद कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मौत का शिकार हो गए. ली वेनलियांग की मौत की पुष्टि वुहान अस्पताल ने भी की है. अस्पताल ने बताया कि ली की मौत शुक्रवार सुबह 2.58 बजे हो गई. वुहान सेंट्रल हॉस्पिटल ने बताया कि यहां उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई. इससे पहले सरकार द्वारा संचालित ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि 34 साल के ली ने इस महाबीमारी के बारे में अन्य डॉक्टरों को सतर्क करने का प्रयास किया था. उन्होंने पिछले साल दिसंबर में वुहान में पहला मामला सामने आने पर ही इस वायरस के बारे में रिपोर्ट दी थी. इस बारे में उन्होंने वीचैट एप पर अपने मेडिकल स्कूल के एलुमनी ग्रुप में जानकारी दी थी.  ली ने अपने दोस्तों, जानकारों, रिश्तेदारों को गोपनीय तरीके से इस बारे में आगाह करने को कहा था, लेकिन कुछ ही घंटों में उनके संदेश का स्क्रीनशॉट वायरल होने लगा था. इस पर वुहान पुलिस ने उन पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया था. बता दें कि ली वेनलियांग ने पिछले साल 30 दिसंबर को ही इस बारे में आगाह किया था. जिस मेडिकल स्कूल से वह पढ़े थे, उसी के ऑनलाइन एल्युमनी चैट ग्रुप वीचैट पर बताया था कि उनके अस्पताल में स्थानीय मछली बाजार से सात मरीज आए हैं, जिनमें सार्स जैसी बीमारी के लक्षण पाए गए हैं और उन्हें अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है.

अन्य खबरे