अस्पताल से भागा कैदी घर से गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कुछ लोग इतने शातिर होते हैं कि पुलिस को चकमा देने से भी बाज नहीं आते, मगर कानून के हाथ लंबे होते हैं इसलिए आरोपी बच नहीं पाटा. बता दें कि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को चकमा देकर जिला अस्पताल से फरार कैदी को पुलिस ने उसके घर अमेठी जिले के प्रेमनगर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार कैदी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने शुक्रवार को बताया कि अमेठी जिले के थाना पीपरपुर के क्षीर प्रेमनगर निवासी अनुज कुमार शर्मा पुत्र अक्षयलाल अमहट जेल में छह मार्च से निरुद्ध था। इसकी तबीयत खराब होने के बाद उसे दो दिन पहले ही जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 25 मार्च को वह कहीं लापता हो गया था। कैदी के भागने की खबर पर पुलिस प्रशासन नाकाबंदी कर उसकी तलाश करने में जुटी थी। गुरुवार की देर रात अमेठी जिले में उसके घर से घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।