उड़ते विमान में आपातकालीन एक्जिट गेट कवर खोलने की कोशिश से मचा हड़कंप
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/नागपुर
पिछले कुछ दिनो से उड़ते विमान में कई तरह की घटनाएं हुईं, कही विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो कहीं विमान में किसी यात्री द्वारा की गई अभद्रता से बवाल मच गया. इसी तरह नागपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में एक यात्री ने कथित तौर पर लैंडिंग से ठीक पहले आपातकालीन एक्जिट गेट कवर खोलने की कोशिश की, जिसके बाद फ्लाइट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के बाद यात्री के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई. आपको बता दें कि जिस वक्त यात्री ने यह हरकत की विमान हवा में था और लैंडिंग के लिए तैयार हो रहा था. जानकारी के मुताबिक घटना मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने से ठीक पहले इंडिगो की उड़ान 6ई-5274 में हुई है. बताया जा रहा है कि एक यात्री विमान में इमरजेंसी एग्जिट का कवर हटाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है. कथित आरोपी यात्री जिस वक्त इमरजेंसी एग्जिट का कवर हटाने की कोशिश कर रहा था, उस वक्त फ्लाइट हवा में थी और लैंडिंग की तैयारी कर रही थी. एयरलाइन्स ने अपने एक बयान में कहा है कि फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर ने तुरंत एक्शन लेते हुए कैप्टन को यात्री के कारनामे की जानकारी दी. इसके साथ ही क्रू मेंमर ने आरोपी यात्री को भी चेतावनी दी. इंडिगो की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक फ्लाइट के सुरक्षित परिचालन को लेकर आरोपी यात्री के व्यवहार को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया. इंडिगो एयरलाइन्स ने बताया कि उन्होंने आरोपी यात्री के खिलाफ लैंडिंग की तैयारी कर रहे फ्लाइट की इमरजेंसी एग्जिट के साथ छेड़खानी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज करा दी है. वहीं मामले की जांच जारी है.