एडवोकेट के साथ ठगी, ठगों ने लूट लिए 25 लाख
संवाददाता/in24 न्यूज़
ठाणे (thane) की नौपाड़ा पुलिस ने दो ऐसे नटवरलालों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक वकील को ही चूना लगा कर उनसे 25 लाख रूपये ठग लिए. पकड़े गए दोनों आरोपियों के नाम आनंद वेंकटेश अय्यर और धनराज शाह उर्फ मुन्ना बताया जा रहा है. ठाणे पुलिस (thane police) इन दोनों आरोपियों की तलाश पिछले 2 महीने से कर रही थी. ये दोनों शातिर ठग कल्याण के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि पीड़ित वकील का नाम प्रनिल सोनवणे है, जो ठाणे जिले में ही रहते हैं और बॉम्बे हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं. इस बारे में नौपाड़ा पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के सामने वाली ईमारत में स्थित एक सहकारी बैंक की जगह दिलाने के नाम पर आरोपी आनंद वेंकटेश अय्यर और धनराज शाह ने एडवोकेट प्रनिल सोनवणे से सम्पर्क किया, जिसके बाद इन दोनों जालसाजों ने फर्जी सेल डीड का इस्तेमाल करके वकील से 25 लाख रुपये अपने खाते में ट्रासंफर करा लिए और पैसा मिलने के बाद कथित दोनों ठग अचानक गायब हो गए. करीब 2-3 महीना बीत जाने के बाद भी जब इनसे सम्पर्क नहीं हो पाया, तो प्रनिल सोनवणे ने एक लिखित शिकायत ठाणे के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन को दी. नौपाड़ा पुलिस ने जब अपनी जांच शुरू की, प्रॉपर्टी बेचे जाने की खबर पूरी तरह से फर्जी निकली, यानी कथित ठगों ने जगह दिलाने के नाम पर फर्जी कहानी बनाई और एडवोकेट प्रनिल सोनावणे को उक्त जमीन बेचने का झांसा देकर उनसे 25 लाख रूपये ऐंठ लिए थे. ठाणे की नौपाडा पुलिस ने इन दोनों ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें तलाशना शुरू किया लेकिन कथित नटवरलालों के बारे में कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहा था. आखिरकार दो महीने की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने अपने सूत्रों और इनके मोबाइल लोकेशन के द्वारा इन दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आनंद अय्यर के पास से कुल 17 लाख रूपये रिकवर किया। अब पुलिस इन दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.