Breaking News

जेवर एयरपोर्ट के नाम पर लगी मुहर, पीएम मोदी के नाम पर होगा नामकरण

09 Oct, 2026 28

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर में निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का फैसला किया है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में हवाई अड्डे का नाम 'नरेंद्र मोदी जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल ने देश और उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तर प्रदेश से गहरा संबंध है और उनके नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को अपना मिशन बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को 500 वर्षों के लंबे इंतजार का अंत बताया और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण तथा मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा को विदेश से वापस लाकर पुनः स्थापित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च, 2026 को इस हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। पहले चरण में लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत से 3,300 एकड़ क्षेत्र में एक टर्मिनल और रनवे विकसित किया गया है। इस चरण में हवाई अड्डे की प्रारंभिक वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ बताई जा रही है। परियोजना के सभी चार चरणों के पूरा होने के बाद, इस हवाई अड्डे को एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल करने की योजना है।

अन्य खबरे