चरित्र पर संदेह होने के चलते पत्नी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
14 Mar, 2023
867
क्राइम डेस्क/in24न्यूज़/पालघर
महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला घोंट कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल आरोपी पति अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद काम पर चला गया और फिर बाद में खुद पुलिस के पास जाकर उसने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी व्यक्ति को अपनी पत्नी की चरित्र पर शक था. दिल दहला देने वाली यह घटना है महाराष्ट्र के पालघर जिले के अंतर्गत आने वाले नालासोपारा इलाके ले सीता सदन की, जहां 27 वर्षीय हार्दिक शाह अपनी लिव-इन-पार्टनर मेघा धन सिंह तोरवी के साथ रहता था. चूंकि आरोपी हार्दिक शाह बेरोजगार था, इसलिए छोटी-छोटी बात पर उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा होने लगा. इसी बीच उसे अपनी पत्नी की चरित्र पर शक होने लगा लिहाजा उसने गुस्से में आकर मेघा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को बेड के अंदर छिपा दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी और उसकी लिव-इन-पार्टनर किराए के मकान में रहते थे. मकान मालिक को जब हार्दिक के घर से दुर्गंध आने लगी तो उसे शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने उस एस्टेट एजेंट को बुलाया जिसके जरिए हार्दिक और उसकी पत्नी मेघा वहां किराए पर रहने आये थे. जब दुर्गंध आने का सिलसिला नहीं थमा, तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसी बीच आरोपी ने पुलिस के पास जाकर अपने गुनाह को कबूल करते हुए सारी जानकारी दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस को मेघा का शव गद्दे में लिपटा हुआ मिला, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी हार्दिक शाह को गिरफ्तार कर लिया. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है.