Breaking News

जेलर पर लगा हनी ट्रैप का आरोप

03 Sep, 2020 663

संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक जेलर पर एक हनी ट्रैप कांड का गंभीर आरोप सामने आया है. बता दें कि मध्य प्रदेश के कुख्यात हनी ट्रैप कांड में न्यायिक हिरासत के तहत जिला जेल में बंद 40 वर्षीय महिला आरोपी के साथ जेलर की बातचीत की खुफिया तरीके से खींची गयीं तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी हैं। जेल विभाग ने इन तस्वीरों के पीछे कारागार स्टाफ के ही किसी व्यक्ति का हाथ होने का संदेह जताते हुए मामले की जांच का आदेश दिया है।वायरल तस्वीरों में जेलर केके कुलश्रेष्ठ जेल के महिला वॉर्ड में बने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष के बाहर बरामदे में कुर्सी पर बैठे नजर आते हैं, जबकि हनी ट्रैप कांड के आरोपियों में शामिल श्वेता विजय जैन (40) उनके पास खड़ी होकर उनसे बातें करती दिखायी दे रही है। जेल विभाग के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) संजय पांडेय ने बृहस्पतिवार को जिला जेल के दौरे के बाद न्यूज़ एजेंसी को बताया कि हमने इन तस्वीरों का संज्ञान लिया है।केंद्रीय जेल के अधीक्षक राकेश कुमार भांगरे को आदेश दिया गया है कि वह हनी ट्रैप कांड की विचाराधीन कैदी श्वेता विजय जैन के साथ जिला जेल के जेलर केके कुलश्रेष्ठ की बातचीत की खुफिया तरीके से फोटो खींचने के मामले में जांच करें। डीआईजी ने बताया कि केंद्रीय जेल अधीक्षक को इस मामले में हफ्ते भर के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। पांडेय ने कहा कि यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जिला जेल में विवादास्पद तस्वीरें कब खींची गयी थीं? पांडेय ने कहा कि वायरल तस्वीरों में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है क्योंकि सभी जेलरों का दायित्व होता है कि वे हर रोज जेल के सभी वॉर्डों का भ्रमण कर इंतजामों का जायजा लें। बहरहाल इस मामले की जांच के बाद तस्वीर और साफ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है.

अन्य खबरे