ट्रक चालकों से रिश्वत लेते थे पुलिस वाले, बीजेपी विधायक ने किया स्टिंग
कुछ पुलिसकर्मी ट्रक चालकों से अवैध तरीके से पैसों की वसूली करते हैं. इसकी जानकारी लगभग सभी को है लेकिन पैसों की गलत तरीके से वसूली करने वाले तथाकथित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती. लेकिन महाराष्ट्र (maharashtra) के चालीसगांव में बीजेपी (bjp) के एक विधायक ने पुलिसकर्मियों की कारगुजारी का पर्दाफाश करने के लिए कथित रूप से पैसों की वसूली करने वाले स्टिंग (sting opration) कर लिया.
दरअसल चालीसगांव के कन्नड़ घाट पर नाकाबंदी करके कुछ पुलिसकर्मी हर ट्रक वालों से मनमानी पैसा वसूलते हैं, इस बात की शिकायत आये दिन स्थानीय बीजेपी विधायक मंगेश चव्हाण को मिल रही थी, जिसके बाद सच का पता लगाने के लिए विधायक ने ट्रक ड्राइवर का हुलिया बनाया और खुद ही ट्रक लेकर निकल पड़े.
बीजेपी विधायक मंगेश चव्हाण ट्रक लेकर चालीसगांव के कन्नड़ घाट के चेकपोस्ट पर पहुंचे, जहां डयूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे रिश्वत के तौर पर 500 रुपए मांगे, मंगेश ने उनका विरोध न करते हुए उन्हें पैसे दे दिए लेकिन इसी दौरान मंगेश ने रूपया लेते कथित पुलिसकर्मी का वीडियो बना लिया।
यही नहीं विधायक मंगेश चव्हाण ने मौके पर मौजूद कुछ अन्य ट्रक ड्राइवरों से भी बात की. जिसमे सभी ड्राइवर पुलिस वालों को 500 से लेकर 1000 रुपए तक रिश्वत देने की बात क़ुबूल की.
मंगेश चव्हाण ने बताया कि, कन्नड़ घाट में चालीसगांव पुलिस ट्रक चालकों से जबरन रुपये वसूल कर रही है. घाट बंद होने पर भी ट्रक चालकों से पुलिस जबरन 100 से लेकर 1000 रुपये तक वसूल रही है. इतने गंभीर मसले पर पुलिस विभाग के आलाधिकारी रिश्वतखोरी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. मंगेश ने अपने द्वारा किए गए इस स्टिंग का वीडियो पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों को देने की बात की. उनका ये भी कहना है कि अगर आरोपियों का निलंबन नहीं किया जायेगा तो वे डीजी से इसकी शिकायत करेंगे.