Breaking News

दहेज के लिए ससुरालवालों ने बहू को तेज़ाब पिलाया

20 May, 2021 810

संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में महिलाओं का शोषण लगातार जारी है। लखनऊ के पास नीमगांव क्षेत्र के एक गांव में एक इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को तेजाब पिला दिया। जानकारी के अनुसार दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता को जबरन तेजाब पिला दिया, जिससे वह गंभीर जख्मी हो गई। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने पति समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी घर में ताला लगाकर भागे हुए हैं।  थाना नीमगांव क्षेत्र की 27 वर्षीया पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सुनौरा निवासी अनूप कुमार पुत्र रामकिशोर के साथ हुई थी। ससुराल वाले उसे दहेज के लिये आए दिन प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते पति अनूप कुमार, शकुंतला देवी, मीरा देवी, ललित कुमार, गंगा देवी और पूजा देवी ने उसे पकड़कर जबरन उसके मुंह में तेजाब डाल दिया। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पीड़िता को बेहजम सीएचसी में दिखाया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जबकि, आरोपी घर पर ताला डालकर भाग गए। इस बारे में थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता के पैर जले हैं, डॉक्टरी रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पीड़िता के भाई और थाना हैदराबाद के जड़ौरा निवासी नितेश मिश्रा ने बताया कि बहन के पति समेत घर के अन्य सदस्यों ने न सिर्फ उनकी बहन के जबरन तेजाब पिलाया बल्कि उसको आग भी लगाई, जिससे पीड़िता के नीचे का हिस्सा बुरी तरह से जला हुआ है। जबकि, जिला अस्पताल में जब डॉक्टर ने बहन को उलटी करवाई तो तेज़ाब में जलने की वजह से उसमें मांस के लोथड़े भी गिरे। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।  

अन्य खबरे