दाऊद का करीबी एजाज़ लकड़ावाला पटना में चढ़ा पुलिस के हत्थे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दाऊद को मुंबई पुलिस ने बड़ा झटका दिया है. माफिया सरगना डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी गैंगस्टर एजाज लकड़वाला को पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस की टीम ने लकड़ावाला को गिरफ्तार किया है. उसे 21 जनवरी तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और पूछताछ के लिए उसे मुंबई पुलिस अपने साथ ले जाएगी. मिल रही जानकारी के अनुसार उसे पटना के जक्कनपुर इलाके से पकड़ा गया है. एजाज लकड़ावाला महाराष्ट्र पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी है. एजाज पर रंगदारी, वसूली, हत्या और फिरौती वसूलने के मामले मुंबई और दिल्ली में 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. बताया जाता है कि कभी किसी दौर में वह छोटा राजन गैंग का मेंबर था. मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहने वाले एजाज ने बांद्रा के सेंट स्टेनीस्लूस स्कूल से पढ़ाई की. खुफिया सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में एजाज कनाडा में रहता है. साल 2003 में एक हमले के बाद वह अस्पताल से फरार हो गया था. इसके बाद उसके साउथ अफ्रीका भाग जाने की ख़बरें आई थी. साल 2004 के दौरान एजाज को कनाडा पुलिस ने ओटावा से गिरफ्तार किया था. लेकिन कुछ दिनों उसे जेल में रखने के बाद रिहा कर दिया गया था. रिहा होने के बाद वह कई साल तक अंडरग्राउंड रहा.