नाबालिग से जबरन उगाही कर लूटे 25 लाख, 2 गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़
मुंबई की अँधेरी पुलिस (mumbai police) ने दो ऐसे शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि इन्होने 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़के को डरा धमका कर करीब दो साल तक जबरन पैसों की उगाही की. इन दो सालो में कथित दोनों आरोपियों ने पीड़ित नाबालिग बच्चे (minor kid) से कुल 25 लाख रुपए ऐंठ लिए, जिसमें नगद रूपये और गहने भी शामिल हैं. इन दोनों आरोपियों के नाम हर्ष कुमार कामत और अरशद शेख है.
बताया जा रहा है कि घर से रुपयों और सोने के आभूषणों की चोरी की भनक लगने पर आखिरकार बच्चे के पिता ने पुलिस से शिकायत की, तब जाकर इन कथित आरोपियों के चंगुल से बच्चे को छुटकारा मिला। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के जोन 10 के डीसीपी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि दोनों आरोपी और बच्चे में पहले से जान पहचान थी. शुरू में दोनों आरोपियों में से एक 18 वर्षीय हर्ष कुमार कामत ने अपनी दादी की तबियत ख़राब होने का बहाना करके मदद स्वरुप बच्चे से 25 हजार रूपये मांगे। बच्चे ने अपने दोस्त की मदद करने के लिए घर से बिना बताए चुपके से 25 हजार रुपया लाकर हर्ष को दे दिया। लेकिन बच्चे को क्या पता था कि वह इन आरोपियों द्वारा बने जाल में बुरी तरह से फंस चुका है. हर्ष ने बच्चे को यह कहकर धमकाना शुरू कर दिया कि उसने घर से पैसों की चोरी की है, इस बात की जानकारी वह उसके पिता और पुलिस को दे देगा, जब बच्चे ने ऐसा नहीं करने का निवेदन किया तो हर्ष ने बच्चे से और पैसों की मांग की. पकड़े जाने के डर से बच्चा भी हर्ष की हर मांग को पूरी करने लगा, पैसे नहीं मिलने पर हर्ष, बच्चे से गहना चोरी करने के लिए भी कहता। उगाही का यह सिलसिला करीब 2 साल तक चला. इन आरोपियों ने बच्चे से साल 2019 से लेकर 2021 दिसंबर तक 12 लाख पांच हजार नकद और 13 लाख के गहने यानी कुल मिलाकर 25 लाख रुपये उससे लूटे। घर के पैसों और गहनों में लगातार कमी आने के बाद बच्चे के मां-बाप का माथा ठनका। जब उन्होंने इस बाबत बच्चे से पूछताछ की, तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया,, आखिर जब घरवालों ने सख्ती दिखाई तो बच्चे ने सारी सच्चाई बयां कर दी. जिसे सुन कर घरवलों के होश उड़ गए. जिसके बाद पीड़ित नाबालिग के पिता ने इस उगाही की शिकायत अँधेरी पुलिस से की. पुलिस ने इन आरोपियों को उस समय पकड़ा जब ये मुंबई से भागने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस ने इनके पास से कुल 13 लाख 10 हजार रूपये की रिकवरी कर ली है बाकी की रिकवरी के लिए पुलिस का प्रयास जारी है. पुलिस ने आरोपी हर्ष कुमार कामत के बारे में अन्य जानकारी जुटाई तो पता चला कि हर्ष ने पिछले साल कोरोना काल में कोरोना किट और अन्य मेडिकल सामग्री बांटने के नाम पर पांच कॉन्ट्रैक्टरों के साथ करीब 30 लाख रूपये की ठगी की थी. इस ठगी की शिकायत पीड़ितों ने एमआईडीसी पुलिस में भी दर्ज कराई थी. इन पैसों से हर्ष ने जम्मू कश्मीर और लोनावला में मौज मस्ती की थी.