पाकिस्तानी जासूसी में दो बहनों समेत तीन गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुश्मन देश पाकिस्तान के लिए जासूसी करनेवाले लोगों की वजह से ही भारत के बारे में जानकारी लीक होती है। कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में मध्य प्रदेश में इंदौर जिले के छावनी क्षेत्र महू में दो बहनों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। खुफिया एजेंसियों तथा पुलिस द्वारा मामले में विस्तृत जांच की जा रही है। इंदौर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) एचसी मिश्रा ने कहा कि तीनों को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले में पूछताछ और जांच की जा रही है। तीनों पाकिस्तान में अपने संपर्क के साथ संवाद कर रहे थे, इस सवाल पर आईजी ने कहा, गुप्त सूचना के आधार पर, दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। अब तक की पूछताछ से पता चला है कि वे संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। तीनों से पूछताछ में पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियां भी शामिल हैं। इनसे बरामद सभी सामग्री सहित अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इंदौर से लगभग 35 किलोमीटर दूर महू के गवली पलासिया गांव स्थित लक्ष्मी विहार कॉलोनी की रहने वाली दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, सेना के खुफिया कर्मी पिछले एक माह से तीनों की निगरानी कर रहे थे और बुधवार शाम को तीनों को महू के माल रोड के पास स्थित सेना के अस्पताल और सेना के अन्य भवनों की तस्वीरें लेते हुए पाया गया। इनकी गिरफ्तारी से इतना तो तय है कि एक बड़ा खतरा टल गया है।