Breaking News

प्यार में संदेह के चलते लिव इन पार्टनर की हत्या

06 Oct, 2023 1060
सुनील शर्मा/in24न्यूज़/कल्याण    

 
मुंबई से सटे ठाणे जिले के अंतर्गत आने वाले कल्याण शहर से हत्याकांड की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसमें लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली एक महिला को उसके पार्टनर ने ही धारदार चाकू से मौत के घाट उतार दिया. हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कल्याण की कोलसेवाड़ी पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर महिला के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उसे सरकारी अस्पताल भेज दिया. मृतक महिला का नाम रसिका कोलंबकर बताया जा रहा है, उसकी उम्र 36 साल के आसपास थी. कोलसेवाड़ी पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसका नाम विजय जाधव बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, उसके अनुसार आरोपी विजय को अपनी लिव इन पार्टनर रसिका के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. शुक्रवार की सुबह फिर एक बार दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते बात झगड़े फसाद तक पहुँच गयी, जिसके बाद गुस्से में आकर विजय जाधव ने धारदार चाकू से रसिका पर हमला कर दिया जिसमें रसिका बुरी तरह से घायल हो गयी. रसिका के शरीर से खून ज्यादा बह जाने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दरअसल विजय जाधव और रसिका कोलंबकर पिछले कुछ महीनों से कल्याण के विजयनगर स्थित आमराई इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. फिलहाल कोलसेवाड़ी पुलिस को इंतज़ार है रसिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का, जिसके बाद ही पुलिस अपने अंतिम निष्कर्ष तक पहुंच पाएगी. वहीं दूसरी ओर, आरोपी विजय जाधव कोलसेवाड़ी पुलिस की कस्टडी में है, जहां उससे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. कल्याण शहर में हुई इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.  

अन्य खबरे