Breaking News

फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले चार जालसाज गिरफ्तार

30 Aug, 2021 772

संवाददाता/in24 न्यूज़
उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बरसठी क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर चार जालसाजों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने सोमवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ जालसाज कान्हपुर गांव में चार-चार सौ लेकर फर्जी आधार कार्ड बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर वहां पर आधार कार्ड बना रहे निलेश बिन्द, सुरेन्द्र बिन्द ,योगेश शर्मा और विकास बिन्द को धर दबोचा। गिरफ्तार जालसाजों के कब्जे से प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन आधार कार्ड बनाने के लिए कागज इत्यादि समान बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड बनवाने गए लोगों ने बताया कि एक कार्ड को बनवाने के लिए ये लोग 400 रुपए लेते थे ।पुलिस ने मामले का राजफाश करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। कार्रवाई के दौरान तीन हजार रुपए नकद, प्रिंटर व लेमिनेशन मशीन को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला काफी संगीन है। फर्जी दस्‍तावेजों से कोई भी किसी प्रकार का अपराध को अंजाम देकर आसानी से बच सकता था ऐसे में फर्जी काम करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

अन्य खबरे