बलात्कार के बाद ससुराल वालों ने बहू को घर से निकाला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जब भी किसी का बलात्कार होता है तो उसके प्रति सहानुभूति पैदा होती है, मगर एक ससुराल के लोगों ने अपनी बहू को बलात्कार की खबर सुनने के बाद घर से निकाल दिया. उत्तर प्रदेश में आपराधिक गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं. कानपुर में 17 साल के लड़के ने करीब 30 साल की महिला के साथ रेप किया, उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पीड़िता के ससुराल वालों ने वीडियो देखने के बाद महिला को घर से बाहर निकाल दिया है। सदर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने कहा कि सदर पुलिस सर्कल की सीमा के एक इलाके में 17 वर्षीय लड़के ने 30 वर्षीय विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और इसका एक वीडियो बनाया। उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।घटना 5 महीने पहले की है लेकिन तब महिला ने कुछ नहीं कहा। वीडियो वायरल होने के बाद जब उसे अपमानित किया गया और घर से बाहर निकाल दिया गया, तब उसने पुलिस से मदद मांगी। महिला ने 2 दिन पहले सदर पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसमें उसने कहा कि दुष्कर्म की घटना 5 महीने पहले हुई थी और हाल ही में आरोपी ने घटना का वीडियो पोस्ट किया है। सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं महिला अब अपने माता-पिता के साथ रह रही है। बता दें कि इस घटना के बाद स्पष्ट है कि कुछ लोगों की संवेदनाएं मर सी गई हैं.