बीमार बहन के साथ दुष्कर्म करनेवाला चचेरा भाई गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जब रिश्तों की अहमियत से लोग मुंह मोड़ लेते हैं तब अर्थ का अनर्थ हो जाता है. रांची में एक युवक ने अपनी ही बीमार चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामला सामने आते ही पुलिस ने आरोपित भाई कमलेश महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बीमार युवती अपनी मां के साथ घर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में उसका चचेरा भाई मिल गया और युवती को घर छोड़ने की बात बोल कर अपनी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद उसकी मां पैदल ही घर की ओर निकल गई, लेकिन जब वह घर पहुंची तो घर में ना तो उसकी बेटी ही मौजूद थी और ना ही उसका चचेरा भाई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर युवती की मां ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद कई लोग मिलकर युवती को खोजने लगे। लेकिन वह नहीं मिली। वहीं युवती देर रात अपने घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती बताई। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना से आक्रोशित मुहल्ले के लोग आरोपी को खुद से ही सजा देना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर वापस घर भेजा। पुलिस के अनुसार युवती का मेडिकल जांच होने के बाद ही यह पता चलेगा कि दुष्कर्म की घटना हुई है या नहीं, क्योंकि वह बीमार है और बहुत ज्यादा बोल नहीं पा रही है। उसके परिवार वालों के बयान पर ही मामला दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती का मेडिकल जांच कराने के लिए वरीय अधिकारियों ने सिविल सर्जन से बात की है। मंजूरी मिलते ही युवती का मेडिकल जांच कराया जाएगा।