बैंक को 200 करोड़ रुपए का चूना लगानेवाला मॉल का मालिक गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़।
भ्रष्टाचार के मामले के खिलाफ भले ही सरकार सख्त है, बावजूद इसके प्रवर्तन निदेशालय ने बैंक धोखाधड़ी मामले में गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल के मालिक राज सिंह गहलोत को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। गहलोत पर 200 करोड़ रुपए के बैंक कर्ज की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोप है कि राज सिंह ने रिहायशी जमीन पर मॉल का निर्माण कराया। उसे आज दिल्ली की ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से ईडी आरोपी की रिमांड लेगी। गहलोत के अलावा उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के कार्यालय परिसरों के अलावा अमन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड और एंबिएंस ग्रुप की अन्य कंपनियों के कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई थी। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक़ राज सिंह गहलोत के आवास की तलाशी के दौरान 16 लाख रुपये नकद और लगभग 24 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्राएं बरामद की गईं थीं। ईडी की टीम ने तलाशी के दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज व डिजिटल सबूत भी बरामद किए थे। बता दें कि इससे पहले भी देश के बड़े बिजनेसमैन बैंक को करोड़ों का चूना लगाकर फरार हो चुके हैं।