भाई की मौत से सदमे में आकर दूसरे भाई ने दी जान
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज के दौर में भाई-भाई में प्रेम बहुत कम ही देखने को मिलता है. मगर आज भी ऐसे भाई हैं जो एक दूसरे को जी जान से ज़्यादा चाहते हैं. एक ऐसा ही मामला मथुरा से सामने आया है जहां बड़े भाई की मौत के बाद छोटे भाई ने भी जान दे दी. बता दें कि बुधवार की शाम रोडवेज बस की टक्कर से श्रीकृष्ण गैस सर्विस के हॉकर की मौत के बाद गुरूवार को बड़े भाई के गम में छोटे भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शहर कोतवाली प्रभारी सहित बंगाली घाट चौकी इंचार्ज ने घटना की जांच में जुट गए हैं। श्रीकृष्ण गैस सर्विस में कार्यरत 35 वर्षीय मनोज चौहान निवासी अम्बाखांर की बुधवार शाम हाथरस डिपो बस की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। घटना देर शाम होने की वजह से मनोज का रात्रि में पोस्टमार्टम नहीं हो सका। जिसके कारण परिवार के लोग गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम गृह जाने की तैयारी में जुटे थे कि गुमशुम बैठे छोटे भाई सुभाष ने गमगीन माहौल के बीच घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिवारीजनों को इस घटना का पता चला तो सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पर पाकर कोतवाली प्रभारी सहित बंगाली घाट चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है। परिवार के लोगों ने बताया कि बुधवार देर शाम को बड़े भाई मनोज की दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के गम के कारण छोटे भाई सुभाष ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। बड़े भाई मनोज चौहान के दो बच्चे है, तो वहीं छोटे भाई सुभाष की एक बेटी है और पत्नी गर्भवती है। वहीं पिता बुजुर्ग है, जो दवाओं के सहारे अपनी जिंदगी जी रहे है। पिता के सामने एका-एक दो जवान बेटों की मौत ने कोहराम मचा दिया है। इसके अलावा आसपास के इलाकों में में मातम पसर गया है और लोग इस बारे में बातें कर रहे हैं.