Breaking News

महिला नक्सली समेत तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार

29 Nov, 2019 1030

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
नक्सल से आज भी देश के कई हिस्से परेशां हैं, मगर नक्सली मुख्यधारा में आने से अबतक बचते रहे हैं. गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के बाद एक महिला नक्सली समेत तीन इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिर्चीपारा और नहाड़ी गांव के बीच सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के बाद नक्सली 28 वर्षीय हड़मा मड़काम, कोसी उर्फ शांति (28) और देवा मड़काम (25) को गिरफ्तार किया है. पल्लव ने बताया कि दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सली कमांडर गुड़ाधुर समेत लगभग दो दर्जन नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना के बाद डीआरजी, महिला डीआरजी दंतेश्वरी लड़ाके, एसटीएफ और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के दल को गस्त में रवाना किया गया था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब सुरक्षा बल मिर्चीपारा और नहाड़ी गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की तब नक्सली वहां से भागने लगे. बाद में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. पल्लव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली हड़मा मलांगिर एरिया कमेटी का एलजीएस डिप्टी कमांडर है. वह 2014 से लेकर अब तक क्षेत्र में हुई कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है. उसके सिर पर तीन लाख रुपए का इनाम था. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हड़मा पर अक्टूबर 2018 में हुए नीलवाया हमले में भी शामिल होने का आरोप है. इस घटना में दूरदर्शन के कैमरामैन और तीन पुलिस कर्मियों की मौत हुई थी. वहीं शांति नक्सलियों के प्लाटून नंबर 26 की सदस्य है तथा देवा दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन का अध्यक्ष है. शांति के सिर पर दो लाख रुपये तथा देवा के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम था.

अन्य खबरे