मुख़्तार अंसारी के लोगों ने बैंक को लगाया 107 करोड़ का चूना
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज भी देश के बैंक चूना लगाने का सिलसिला बना हुआ है। इसी कड़ी में अब ताज़ा मामला सामने आया है बहुजन समाज पार्टी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबियों का। मुख़्तार के लोगों पर यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया को 107 करोड़ का चूना लगाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि मुख्तार अंसारी का एफआईआर में कहीं जिक्र नहीं है। इस कांड का मुख्य आरोपी शकील हैदर मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है। शकील के खिलाफ मामला लखनऊ के वजीरगंज थाने में दर्ज किया गया है। इस एफआईआर के अनुसार, मुख्तार अंसारी के खास गुर्गे के रूप में देखे जाने वाले शकील हैदर ने यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया को 107 करोड़ का चूना लगाया है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले शकील ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो कंपनियों (रियल स्टेट कंपनी हिंद कंस्ट्रक्शन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और हिंद बिल्डटेक कंपनी) के नाम पर बैंक से 107 करोड़ का लोन लिया था। रकम बैंक से शकील के खाते में पहुंचते ही वह निकाल ली गई। बैंक कर्मियों का कहना है कि शकील द्वारा लोन की एक भी किश्त अभी तक नहीं चुकाई गई है। बैंक कर्मियों का कहना है कि जब काफी समय तक किश्त न मिलने पर जब शकील से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उसने अफसरों को धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के हाथ में सौंपा गया है। इसी के साथ वजीरगंज थाने में शकील और उसके अन्य साथियों के खिलाफ बीते चार दिनों में जमीन हड़पने से जुड़े कई मामले दर्ज कराए गए हैं। पुलिस उन मामलों की जांच कर रही है। बता दें कि मुख्तार अंसारी पर पहले से ही अनेक आपराधिक गतिविधियों के मामले चल रहे हैं।