Breaking News

रिया चक्रवर्ती पर ड्रग्स कनेक्शन का नया मामला

26 Aug, 2020 868

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई की जांच लगातार जारी है. सुशांत  की मौत के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की है और प्रतिबंधित ड्रग्स संबंधी उसके कथित संपर्कों के बारे में सीबीआई तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को कुछ साक्ष्य साझा किए हैं। वहीं, रिया के वकील ने इस तरह के आरोप को पूरी तरह खारिज किया है। अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी कुछ खास डेटा पर ध्यान दे रही है और ये प्रथम दृष्टया इनपुट सीबीआई तथा एनसीबी के साथ साझा किए गए हैं, लेकिन इन एजेंसियों के साथ साझा किए गए ब्योरे की प्रकृति का खुलासा नहीं किया गया है। रिया के वकील सतीश मानेशिन्दे ने आरोपों के जवाब में कहा, ‘‘रिया ने अपने जीवन में कभी भी मादक पदार्थों का सेवन नहीं किया है। वह ब्लड टेस्ट के लिए तैयार है।'' सीबीआई जहां सुशांत की मौत की जांच कर रही है, वहीं एनसीबी मादक पदार्थ रोधी संघीय एजेंसी है। ईडी ने मामले में रिया से दो बार पूछताछ की है और उसका बयान धनशोधन रोकथाम कानून के तहत दर्ज किया गया। मामले में वह प्रमुख आरोपी है और सुप्रीम कोर्ट में उसने अपनी याचिका में कहा था कि वह सुशांत के साथ लिव इन रिलेशन में रहती थी। सुशांत के परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने मंगलवार को कहा कि यह बहुत हैरान करने वाली बात है कि रिपोर्ट में कहा गया है कि पेट में कुछ भी नहीं मिला। विकास सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम में देरी विशेष रूप से कोविड-19 के समय में हो सकती है। उन्होंने कहा कि सुशांत ने कुछ खाया या नहीं, दोनों ही मामलों में पोस्टमार्टम में देरी होने पर कोई खास असर नहीं होगा। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि पोस्टमार्टम में कहा गया है कि पेट में कुछ भी नहीं मिला है, जो कि बहुत परेशान करने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। मेरी जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम से संबंधित संपूर्ण कागजात और तस्वीरें अभी भी फॉरेंसिक टीम तक नहीं पहुंची हैं और इनके आज पहुंचने की संभावना है। इसलिए आज रात कुछ स्पष्ट हो सकेगा। बहरहाल रिया पर ड्रग्स कनेक्शन के इस आरोप से मामले में एक नया मोड़ आया है.

अन्य खबरे