Breaking News

लापरवाही से दारोगा की पिस्टल चलने से महिला के सिर में लगी गोली

09 Dec, 2023 832

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अलीगढ़ में दारोगा की लापरवाही एक महिला की जान पर बन आई। शुक्रवार को महिला पासपोर्ट वेरीफिकेशन के लिए कोतवाली गई थी। कोतवाली में मौजूद दारोगा की लापरवाही से अचानक से पिस्टल से गोली चल गई। गोली सीधे महिला के सिर में लगी और घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद दारोगा मौके से भाग निकला। पूरी घटना कोतवाली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल है। महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।लापरवाह दारोगा के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करने के आदेश SSP ने दे दिए हैं। दरअसल, आज एक महिला इशरत अपने बेटे के साथ थाना कोतवाली में उमरा यात्रा के लिए पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने पहुंची थी। इस दौरान दारोगा मनोज कुमार शर्मा अपनी पिस्तौल से कुछ चेक कर रहे थे। तभी पता नहीं कैसे उनके हाथ से पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई जो सीधे इशरत के सिर में जाकर लगी। इशरत जमीन पर गिर गई। भागकर दारोगा और महिला के साथ खड़े शख्स ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन महिला लहूलुहान पड़ी थी। महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी दारोगा मनोज शर्मा फरार है। अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि थाना कोतवाली में एक दुखद घटना हुई है। आज लगभग 2:50 के आसपास एक सूचना दी गई है वहां के सीओ द्वारा कि थाने के सीसीटीएनएस कार्यालय में एक उपनिरीक्षक मनोज कुमार की सरकारी असले से फायर हुआ है और एक महिला जो वहां किसी कार्य से पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आई थी और पास में खड़ी थी उसके गोली लगी है। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

अन्य खबरे