शराबी को ग्लास नहीं देने से बुजुर्ग को देनी पड़ी जान
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शराब कई बार इंसान को कर देती है ख़राब। क्या कोई किसी को शराब पीने से मना करता है तो उसकी जान पर बन आती है! बिहार के बेगूसराय में हत्या का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक शराबी ने शराब पीने के लिए ग्लास ना देने की वजह से एक वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान रतन सिंह के रूप में हुई है. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शांति नगर इलाके की है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की छानबीन शुरू कर दी है. मृतक रतन सिंह का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने शराबी मनोज शाह को शराब पीने के लिए ग्लास नहीं दिया. इसी बात से आक्रोशित मनोज शाह ने लात घूसों से रतन सिंह की पिटाई शुरू कर दी. इतना ही नहीं जब स्थानीय लोग रतन सिंह को बचाने के लिए दौड़े तो शराबी मनोज शाह ने चाकू निकालकर लोगों को भी डराना शुरू कर दिया, लेकिन जब लोगों का हुजूम उमड़ने लगा तो मनोज का मौके से फरार हो गया. लेकिन तब तक रतन सिंह बुरी तरह घायल हो चुके थे. बाद में स्थानीय लोगों के द्वारा उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सिंह की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रतन सिंह एक गरीब व्यक्ति थे और शांति नगर सुजा में सब्जी बेचकर अपना तथा अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. ऐसा नहीं है कि बेगूसराय में यह कोई पहला मामला है, जिसमें शराब के लिए हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया गया है. देखा जाए तो मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आए दिन शराब की बड़ी खेप पुलिस के द्वारा भी पकड़ी जाती है, लेकिन शराबियों उत्पात भी यहां के लिए आम बात है.