Breaking News

शराबी पति को पत्नी ने मार डाला

04 Jan, 2021 968

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत में पति को देवता तुल्य माना जाता है, मगर जब कोई पति अपनी पत्नी की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे तो वह सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है. हैदराबाद के पास कीसारा में 30 साल की महिला को पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पति की शराब पीने की लत से परेशान थी। शराबी पति अक्सर नशे में पत्नी के साथ मारपीट भी किया करता था। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि 36 वर्षीय मृतक श्याम वॉचमैन की नौकरी करता था। कम आमदनी के बावजूद वो अपनी ज्यादातर कमाई शराब पर उड़ा दिया करता था। इसी वजह से उसका पत्नी सरोजा से अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन श्याम बहुत अधिक नशे में था। वो अपनी बड़ी बेटी पर वार करने के लिए उठा, इससे पहले ही सरोजा ने कोई सामान उठाकर उसके सिर पर दे मारा। जिसके बाद श्याम वहीं गिर पड़ा, पत्नी को लगा कि वो शराब के नशे में गिरकर सो गया है। काफी देर बाद पत्नी ने शराबी पति को उठाने की कोशिश की तो पाया कि उसकी मौत हो चुकी है। श्याम और सरोजा के तीन बच्चे हैं। कीसारा इंस्पेक्टर जे नरेंद्र गौड़ के मुताबिक श्याम न सिर्फ पत्नी बल्कि बच्चों से भी अक्सर मारपीट किया करता था। पुलिस ने बताया कि सिर में चोट लगने के बाद श्याम के शरीर से काफी खून बह गया था। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को खबर की। मौका ए वारदात से ही पुलिस ने आरोपी महिला सरोजा को गिरफ्तार कर लिया। एक अलग घटना में रंगारेड्डी के नंदीगामा में 40 वर्षीय किसान की खेत में डेड बॉडी मिली। आरोपी ने चाकू घोंपकर किसान की हत्या की थी। मृतक का नाम श्रीनिवास रेड्डी बताया जाता है। घटना रविवार अहले सुबह की बताई जाती है। इस मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.

अन्य खबरे