शादी शुदा महिला को फेसबुक पर प्यार हुआ तो पति ने मौत को गले लगाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सोशल नेटवर्किंग के ज़माने में लोग अपनों को छोड़ गैरों से दिल लगाने लगे हैं। फिरोजाबाद जनपद में फेसबुक के जरिए हुए प्यार में पागल एक महिला ने अपने पति को इस कदर नकार दिया कि युवक ने मजबूर होकर मौत को गले लगा लिया। पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली आरोपी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में महिला के ससुर ने मुकदमा दर्ज कराया था। मामला जिले के थाना रजावली के गांव मोहम्मदी का है। मोहम्मदी निवासी रमेशचंद्र के पुत्र विनोद कुमार ने आठ फरवरी को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में रमेशचंद्र ने पुत्रवधू शोभा देवी पर दूसरे युवक से अवैध संबंध होने एवं उसके संबंधों से क्षुब्ध होकर पुत्र विनोद द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाया था। उन्होंने पुत्रवधू व उसके मायके पक्ष सहित छह लोगों के विरुद्ध पुत्र को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया था। थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी शोभा देवी को अमर विहार कॉलोनी, तहसील रोड, एत्मादपुर, आगरा से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने बताया कि आरोपी महिला ने स्वीकार किया है कि उसके फेसबुक के माध्यम से कासगंज के कुतुकपुर सराय अंतर्गत बलिया धीमराई निवासी रमन से दोस्ती हो गई थी। उससे फोन पर बात करने पर पति विनोद ने उसे समझाया था। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। रमन से संबंध होने पर पति विनोद सहन नहीं कर पाया तथा उन्होंने आत्महत्या कर ली। पति के आत्महत्या करने के बाद वह मायके में रहने लगी थी ताकि प्रेमी से मिलना-जुलना आसान हो जाए। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी शोभादेवी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और आगे की कार्रवाई चल रही है।