शिष्या ने खोले मसाज करानेवाले बाबा के राज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
इस देश में अनेक बाबाओं के कारनामे सामने आते रहे हैं. आसाराम बापू हों या बाबा राम रहीम इन्होने महिलाओं का जमकर शोषण किया। जब इनकी असलियत सामने आई तो उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया. अब एक और नए बाबा का नाम सामने आया है जिसकी असलियत उनकी शिष्या ने सामने ला दी है. गुजरात के वडोदरा में बगलामुखी मंदिर के संत प्रशांत उपाध्याय के जेल में जाने के बाद उनकी शिष्या ने तमाम बड़े राज खोलने शुरू कर दिए हैं। रेप के एक मामले में प्रशांत उपाध्याय को जेल में बंद किया गया है। प्रशांत उपाध्याय की शिष्या दिशा जॉन ने कुबूल किया कि वह तंत्र साधना के लिए लड़कियों को बाबा के कमरे में भेजती थी। खबरों के मुताबिक, प्रशांत उपाध्याय के खिलाफ एक नाबालिग लड़की ने लगातार रेप करने का आरोप लगाया है। लड़की की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। वडोदरा से गिरफ्तारी के बाद उसकी शिष्या ने पूछताछ में कई राज उगले हैं। प्रशांत की साथी दिशा जॉन ने बताया कि वह खुद को देवी का स्वरूप बताता था। दिशा ने कहा कि प्रशांत के कहने पर वह बच्ची को उसके बेडरूम में भेजा करती थी। प्रशांत लड़कियों से मसाज करवाता था और उनका वीडियो भी बनवाता था। उसे मसाज का शौक था। फिलहाल दिशा की दो दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसे जेल में भेज दिया गया है। इसके अलावा प्रशांत की दो अन्य सहयोगी दीक्षा और उन्नति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उनका अब तक कोई पता नहीं चला है। पीड़ित लड़की ने अपनी शिकायत में दीक्षा और उन्नति का भी नाम लिया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके साथ साल 2013 से 2017 तक प्रशांत ने लगातार रेप किया। उस वक्त वह नाबालिग थी। उसने डर के चलते किसी को यह बात नहीं बताई थी। जैसे ही आरोपी के खिलाफ अन्य लड़कियों ने पुलिस में बयान दिया तो उसे भी हिम्मत आई और खुलकर अपनी बात सबके सामने रखी। पीड़िता ने बताया कि प्रशांत की शिष्या की बातों में आकर वह आश्रम में गुरु सेवा करने आई थी। प्रशांत ने उसके शरीर में दैवीय शक्ति की स्थापना करने की बात कहकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का परिवार भी प्रशांत के प्रभाव में था। इसलिए उसने यह बात छुपा कर रखी थी। बहरहाल इस नए बाबा की गिरफ्तारी ने बता दिया है कि आस्था के नाम पर धोखा देनेवाले को अंजाम तक कानून पहुंचा ही देता है.