Breaking News

सरकारी राशन की जमाखोरी, 20 से अधिक गिरफ्तार

18 Dec, 2021 677

संवाददाता/in24 न्यूज़ 

पिछले साल कोरोना काल से ही कोई गरीब भूखा न रहे, इसलिए सरकार द्वारा कोटेदारों के माध्यम से मुफ्त में गरीबों को राशन बांटा जा रहा है. लेकिन अब सरकारी राशनों की जमाखोरी करने की बात सामने आ रही है. सरकारी अनाज की जमाखोरी से जहां एक तरफ गरीबों का हक मारा जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सरकार को चूना लगा कर ये जमाखोर औने पौने दामों पर राशन बेच कर अपनी तिजोरी भर रहे हैं. सरकारी राशन की कालाबाजारी करने का एक ऐसा ही एक मामला मुंबई के गोरेगांव में स्थित आरे कॉलोनी से सामने आया है. जहां रात के अँधेरे में सरकारी राशनों की कालाबाजारी का काम चल रहा था. मामले का खुलासा तब हुआ जब आरे पुलिस को इस कालाबाजारी की भनक लग गयी. दरअसल गोरेगांव की आरे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरकारी राशन की कालाबाजारी की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने एक बड़े गोदाम पर छापेमारी की प्रक्रिया को अंजाम दिया। पुलिस उस समय हैरान रह गयी जब उन्हें गोदाम के अंदर बड़े पैमाने पर गेंहूं और चावल की भरी बोरियां रखी हुई मिलीं। इसके बाद पुलिस ने राशनिंग कंट्रोल के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया। राशनिंग अधिकारियों और आरे पुलिस की गयी संयुक्त कार्रवाई में आरे कॉलोनी के गोदाम से लगभग 5 ट्रक राशन जब्त किया गया है, जिनकी कीमत करीब 24 लाख रूपये के आसपास बताई जा रही है. साथ ही इस गोदाम के मैनेजर सहित यहाँ काम करने वाले 20 से अधिक कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। जिनके खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

अन्य खबरे