सलमान खान को धमकी देने वाला धाकड़ राम 3 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर
27 Mar, 2023
872
संजय मिश्रा/in24न्यूज़/मुंबई
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान इन दिनों अपनी सुरक्षा को लेकर मायानगरी मुंबई में चर्चा का केंद्र बन चुके हैं. चूंकि भाईजान यानी सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, इसलिए मुंबई पुलिस इसको हलके में नहीं लेना चाहती. एक तरफ सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' रिलीज होने वाली है, तो वहीं दूसरी तरफ भाईजान को धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं. दरअसल, कुछ दिन पहले ही बॉलीवुड के 'दबंग' खान को जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद मुंबई की बांद्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर किसी तरह धमकाने वाले शख्स को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार शख्स का नाम धाकड़ राम बताया जा रहा है. मुंबई की एक अदालत ने आरोपी धाकड़ राम को तीन अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दरअसल बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पर्सनल असिस्टेंट के पास यह धमकी भरा मेल भेजा गया था. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बांद्रा पुलिस स्टेशन में आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ था, अब पुलिस की लंबी छानबीन के बाद बांद्रा पुलिस ने धाकड़ राम को अरेस्ट कर लिया और उससे पूछताछ भी की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी धाकड़ राम राजस्थान का रहने वाला है. इस मामले के बाद राजस्थान पुलिस ने उसे तत्काल अपनी हिरासत में लिया था. जोधपुर के एसएचओ के मुताबिक बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने और जांच के बाद ये पता चला कि उक्त धमकी भरा ईमेल जोधपुर से भेजा गया था.