सेल्फी लेते समय 140 फीट की उंचाई से नीचे गिरा युवक
संवाददाता/in24 न्यूज़।
मोबाइल फ़ोन से सेल्फी लेना आम बात है, मगर यह भी सच है कि समय-समय पर इसकी वजह से लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। इसी कड़ी में अब कर्नाटक के बेलगावी जिले के गोकक वॉटरफॉल पर सेल्फी लेने के दौरान 140 फीट नीचे गिरे एक व्यक्ति की जान बच गई और उसे मामूली चोटें आई हैं। बचाए गए व्यक्ति की पहचान कलबुर्गी जिले के जेवर्गी निवासी प्रदीप सागर (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता अयूब खान की सहायता से पुलिस टीम द्वारा बचाए गए सागर को केवल मामूली चोटें आईं और वह सदमे में है। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सागर शनिवार को वॉटरफॉल जिसे कर्नाटक का नियाग्रा कहा जाता है, वहां घूमने गए थे। व्यूपॉइंट के पास एक बोल्डर पर खड़े सेल्फी लेते समय वह फिसल कर खाई में गिर गए। उनके दोस्तों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने शनिवार आधी रात के बाद तक झरने के पास उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। हालांकि, उनका मोबाइल फोन हर समय बजता रहा। आखिरकार रविवार को सुबह करीब 4 बजे सागर ने अपने दोस्तों को फोन किया। दोस्तों ने उसके सुरक्षित होने की पुष्टि करने के बाद फिर पुलिस को सूचना दी। खान के साथ पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे बचाने में कामयाब रही। गौरतलब है कि लगातार समझाने के बावजूद लोग सेल्फी लेने के चक्कर में ख़तरे को नज़रअंदाज़ करने से भी बाज नहीं आते!