Breaking News

सौतेली मां की चाकू से हत्या

03 Oct, 2019 1167

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अपने पिता की दूसरी शादी से नाराज़ बेटे ने अपनी सौतेली मां की हत्या चाकू से कर दी. गौरतलब है कि कोन के स्थानीय थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव में गुरूवार को  किशोर बेटे ने अपने सौतेली मां की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद जब किशोर भागने लगा तो पास पड़ोस के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे मय चाकू समेत दबोच लिया। पहली मां के रहते पिता द्वारा अपने कालेज की ही छात्रा से छह वर्ष पूर्व शादी कर लेने के मामले को लेकर अंदर ही अंदर प्रतिशोध की ज्वाला में जल रहा था। मौका पाकर उसने अपने सौतली मां की नृशंस हत्या कर दी। मृतका कचनरवा से क्षेत्र पंचायत सदस्य भी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिश्चन्द्र इंटर कालेज के प्रबंधक शिव नारायण गुप्ता ने लगभग छह वर्ष पूर्व अपने कालेज की छात्रा रागिनी से दूसरी शादी की थी। इस शादी को लेकर पहली पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों ने काफी विरोध किया परन्तु शिव नारायण के फैसले के आगे किसी की नहीं चली। धीरे-धीरे मामला सामान्य हो गया। परन्तु पहली पत्नी के छोटे बेटे को पिता का यह कृत्य नागवार गुजरा उसी समय से ही वह प्रतिशोध की आग में जल रहा था। हालांकि घर से सम्पन्न होने के कारण पिता शिवनारायण गुप्ता ने पुत्र विष्णु 17 वर्ष को अच्छी पढ़ाई करने के लिए डीपीएस स्कूल वाराणसी में दाखिल दिला दिया। एक तरफ तो वह नामी स्कूल में पढ़ाई कर रहा था तो दूसरी तरफ वह सौतेली मां को दुनिया से हटाने के लिए अंदर ही अंदर योजना भी बना रहा था। घटना के दिन उसे यह जानकारी मिली कि आज घर पर अकेले उसकी सौतेली मां ही है। वह वाराणसी से अपने घर कचनरवा आया और घर पहुंचकर आवाज देकर दरवाजे को खोलने के लिए कहा ज्यों ही सौतेली मां ने दरवाजा खोला बदले की भावना से जल रहे विष्णु ने अपनी सौतेली मां रागिनी पत्नी शिवनारायण उम्र 28 वर्ष पर ताबड़तोड़ चाकूओं से प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के घटते ही पास-पडोस के लोग शिवनारायण के घर की तरफ दौड़ पड़े और हत्यारोपी किशोर विष्णु को मौके पर ही चाकू के साथ दबोच लिया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक कोन शिव प्रताप वर्मा मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दिया है।  

अन्य खबरे