अजमेर से एक और बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, एसटीएफ की 21वीं कार्रवाई
राजस्थान पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अपने विशेष अभियान में 21वीं सफलता मिली है। पुलिस ने अजमेर में एक और बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक कुल 54 बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार हो चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान बांग्लादेश के भोला ज़िले के निवासी मोहम्मद यूसुफ़ खान के रूप में हुई है। वह बेनापोल सीमा के ज़रिए अवैध रूप से भारत में घुसा और पश्चिम बंगाल होते हुए अजमेर पहुंचा। गुरुवार, 18 सितंबर को पुलिस ने उसे एक दरगाह के पास से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ में मोहम्मद युसूफ ने बांग्लादेशी होना कबूल किया। उसने अवैध रूप से बेनापोल बॉर्डर पार कर भारत में पैदल प्रवेश किया। जहां से सियालदा पश्चिम बंगाल पहुंचा। जहां कुछ दिन रहने के बाद ट्रेन से अजमेर आ गया। यहां दरगाह क्षेत्र में खानाबदोश की जिंदगी बसर कर रहा है।
यह अभियान राजस्थान पुलिस मुख्यालय के आदेश पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान कर उन्हें निर्वासित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जारी रहेगा और ऐसे विदेशी नागरिकों की गिरफ़्तारी जारी रहेगी। यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।