पुणे जिले के जेजुरी इलाके में आषाढ़ी वारी के दौरान भीषण सड़क हादसा
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आस्था की राह पर निकले श्रद्धालुओं के लिए आज की सुबह मातम में तब्दील हो गई महाराष्ट्र के पुणे जिले के जेजुरी इलाके में आषाढ़ी वारी के दौरान एक भीषण सड़क हादसा हो गया है.बताया जा रहा है कि सासवड-जेजुरी मार्ग पर बेलसर टोल प्लाजा के पास भोगले मला इलाके में सुबह के समय एक टेंपो ने कई वारकरियों को टक्कर मार दी.जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई है जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.जानकारी के मुताबिक संत ज्ञानेश्वर महाराज पालखी के दौरान पैदल जा रहे वारकरियों के जत्थे को एक तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मारी है.मृत और घायल महिलाएं सांगली जिले के कसबे डिग्रज की दिंडी से जुड़ी हुई थीं, जो सड़क किनारे पैदल चल रही थीं.सूत्रों के मुताबिक ट्रक ड्राइवर को तेज बुखार और चक्कर आने के कारण उसने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सीधे पैदल चल रहे श्रद्धालुओं में जा घुसा। सभी 4 घायल महिला वारकरियों को तुरंत जेजुरी के नजदीकी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
वहीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने जेजुरी हादसे के तुरंत बाद अस्पताल जाकर घायल वारकरियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने जेजुरी ग्रामीण अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों का दौरा कर घायल महिलाओं और उनके परिवारों को ढांढस बंधाया। सुनेत्रा पवार ने हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिला वारकरियों के परिवारों को ₹4-4 लाख की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है.उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल में भर्ती सभी गंभीर रूप से घायल वारकरियों का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर किया जाएगा। उन्होंने पुणे के जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी को सख्त निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज और देखभाल में कोई भी कमी न छोड़ी जाए।
वहीं सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी फ़ोन पर घटना की सारी जानकारी ली है और पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए निर्देश दिया है वहीं कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया पर घटना पर दुख जताते हुए महायुति सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.उन्होंने आरोप लगाया पिछले दो-तीन वर्षों से आषाढ़ी वारी के दौरान सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है.लेकिन सरकार वारकरियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में नाकाम रही है उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.आखिर आस्था के सबसे बड़े सफर पर निकलने वाले लाखों वारकरियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा और क्या हर साल होने वाली ऐसी घटनाओं से कब सबक लिया जाएगा।