विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, मुंबई पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
कोमल सिंह/ संवाददाता /in24 न्यूज़
ऑस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक गृहिणी से 54,720 रुपये की धोखाधड़ी की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में शिकायतकर्ता निशा दिनेश कनौजिया नामक महिला है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है, जिसकी जांच की जा रही है। निशा कनौजिया ने बताया कि वह अपने पति और दो बेटों के साथ अगस्त 2024 से कंजूरमार्ग में रह रही हैं। उनका बड़ा बेटा वीरेन कनौजिया (23) ऑस्ट्रेलिया में नौकरी के लिए जाना चाहता था। इस संदर्भ में उन्होंने अपनी रिश्तेदार सविता कनौजिया जो मीरा रोड में रहती हैं, उनसे संपर्क किया, सविता ने निशा की मुलाकात भाईंदर की सुजाता दुबे नामक महिला से करवाई। तभी सुजाता दुबे ने निशा से कहा कि वह उनके बेटे को पक्का ऑस्ट्रेलिया में भेज सकती हैं, लेकिन इसके लिए 50 हजार रुपये की आवश्यकता होगी। उसने निशा को कुछ फर्जी दस्तावेज भी दिखाए। जिससे निशा को उसपर विश्वास निर्माण हो हुआ। जिसके बाद निशा ने 15 मार्च को 30 हजार और 12 अप्रैल को 20 हजार यूपीआई पेमेंट से पैसे भेजे। इसके बाद, सविता के साथ रहने वाले आकाश शर्मा ने वीरेन को परीक्षा शुल्क के रूप में 4,720 जमा करने को कहा, जिसे ग़ज़ल अंसारी नामक महिला के गूगल पे खाते में 20 अप्रैल को ट्रांसफर किया। चार महीने बीतने के बाद भी वीरेन को ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा गया और पैसे भी वापस नहीं मिले। बार-बार पूछने पर सुजाता दुबे और आकाश शर्मा टालमटोल करते रहे। अब निशा कनौजिया ने इन दोनों के खिलाफ आर्थिक ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।