Breaking News

कोरोना से बचने के लिए इंदौर के पुलिसकर्मियों ने मुंडन करवाए

15 Apr, 2020 2004

संवाददाता/in24 न्यूज़।
इंदौर के पुलिसकर्मी कोरोना वायरस के खतरनाक वायरस से बचने के लिए इन दिनों अपना सिर मुंडवा रहे हैं और इसे महामारी से बचाव के जतन के रूप में देख रहे हैं। चश्मदीदों ने बुधवार को बताया कि चंदन नगर और शहर के कुछ अन्य स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने सिर मुंडवाए हैं। चंदन नगर पुलिस थाने के प्रभारी योगेश तोमर ने बताया कि हमारे थाने के एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों ने अपना सिर मुंडवा लिया है। उन्होंने यह कदम कोरोना वायरस से बचाव की सावधानी के तौर पर उठाया है क्योंकि उन्हें लगता है कि वे बालों के जरिये भी संक्रमित हो सकते हैं। तोमर ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित इलाकों में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी अपने हाथों पर सैनिटाइजर का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। मुंडन कराने वाले पुलिसकर्मियों का मानना है कि चूंकि अब उनके सिर पर बाल नहीं हैं, तो वे इस महामारी से बचाव की अतिरिक्त सावधानी के तौर पर अपने सिर पर भी सैनिटाइजर लगा सकते हैं। सिर मुंडवाने वाले एक युवा पुलिस आरक्षक ने नाम जाहिर न किये जाने की शर्त पर बताया कि वह शहर में लगातार कर्फ्यू की ड्यूटी कर रहा है और उसने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के उपाय के तहत मुंडन कराया है। आरक्षक ने कहा कि वैसे भी मौसम गर्मी का है। मुंडन कराने के बाद मुझे ड्यूटी के दौरान गर्मी से भी राहत मिल रही है।

अन्य खबरे