वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर उभरे बड़े बड़े गढ्ढों ने ली 27 साल की पूजा की जान !
24 Aug, 2023
930
शुभम मिश्रा/in24न्यूज
आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके आस पास के जिलों में मानसून की दस्तक के बाद से ही सड़कों की हालत बद से बदतर है. शहरों की सड़कों में तो बड़े बड़े गड्ढे हैं ही, मुंबई- गोवा और मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भी गड्ढों का साम्राज्य है. वहीं एक्सप्रेवे पर उभरे बड़े बड़े गड्ढे ना सिर्फ लोगों की जान ले रहें हैं, बल्कि कई परिवारों की खुशियों को भी छीन लिया है. इसी कड़ी में मुंबई अहमदाबाद एक्सप्रेस वे पर गड्ढे की वजह से एक महिला की जान चली गई हैं. मृतक महिला की पहचान 27 साल की पूजा गुप्ता के रूप में हुई है. जो मुंबई के मलाड इलाके में रहती थी. दरअसल मृतक पूजा घटना वाले दिन पालघर जिले के वसई इलाके में जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए पति के साथ मोटर साइकल पर सवार होकर अपनी बहन के घर जा रही थी. जब वे मुंबई अहमदाबाद मार्ग पर नायगांव के पास पहुंचें तो उनकी बाइक एक बड़े गड्ढे में उतर गई. जिसके कारण बाइक पर बैठी पूजा को झटका लगा और वह नीचे गिर गई. जमीन पर गिरी पूजा को गंभीर चोटें आईं. वहीं मौके पर मौजूद पति आनन फानन में लहूलुहान अवस्था में पूजा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. फिलहाल नायगांव पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन मृतक महिला के परिवार में मातम पसर गया है.