जम्मू-कश्मीर में एक आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में मुठभेड़ चल रही है. इस मुठभेड़ में अब तक एक आतंकी मारा जा चुका है. जानकारी के मुताबिक, बारामूला जिले के करेरी इलाके के वानीगाम बाला में सुरक्षाबलों ने कुछ आतंकियों को घेर लिया है. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है. ये मुठभेड़ आज यानी शनिवार तड़के सुबह तब शुरु हुई जब सुरक्षा बलों को इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया. इस दौरान आतंकियों ने खुद को घिरता देख सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाना शुरु कर दी. पहले तो सुरक्षा बलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन जब आतंकियों ने बात नहीं मानी तो सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाना शुरु कर दीं. जिसमें अब तक एक आतंकी मारा गया है. बता दें कि इससे पहले बुधवार को भी जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ हुई थी. तब दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों के जवान और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. जिसमें सुरक्षा बलों के जवानों ने आतंकियों को घेर लिया था. मुठभेड़ की ये घटना कुलगाम जिले के यारीपुरा में हुई थी. जानकारी के मुताबिक, यारीपुरा के बरईहार्ड काठपुरा इलाके में 27 जुलाई की सुबह सुरक्षा बल के जवान गश्त पर निकले थे. इसी दौरान एक जगह दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली. उसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और उसके बाद मुठभेड़ शुरु हो गई. बता दें कि सुरक्षाबलों द्वारा लगातार ांकियों के खिलाफ सघन अभियान जारी है.