Breaking News

कांगो में 66 सैनिकों को एक साथ मौत की सजा युद्ध के मैदान से भागने और बगावत का आरोप

11 Nov, 2026 15

अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सैन्य अदालत ने अपनी ही सेना के 66 जवानों को एक साथ मौत की सजा सुनाई है। इन सैनिकों पर युद्ध के मैदान से भागने, अधिकारियों के आदेशों की नाफरमानी करने और बगावत करने के गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं। इस फैसले के बाद से पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मच गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तरी कीवू प्रांत के वालिकाले इलाके में कांगो की 3415वीं रेजीमेंट के 71 सैनिकों के खिलाफ सैन्य अदालत में मामला चलाया गया था। इसमें से 66 सैनिकों को मृत्युदंड, 1 सैनिक को 10 साल जेल की सजा दी गई, जबकि 4 सैनिकों को निर्दोष पाकर बरी कर दिया गया। यह मामला 20 अक्टूबर का है, जब विद्रोहियों के साथ मुठभेड़ के दौरान इन सैनिकों ने अपनी चौकियां छोड़ दी थीं और मोर्चे से पीछे हट गए थे।

कांगो सेना के अधिकारियों का कहना है कि पूर्वी कांगो में लंबे समय से विद्रोही गुटों के खिलाफ सैन्य अभियान जारी है। ऐसे समय में सैनिकों द्वारा मैदान छोड़कर भागने से सेना के अनुशासन को भारी नुकसान पहुंचता है। सेना में अनुशासन बनाए रखने और अन्य जवानों में कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से यह सख्त फैसला लिया गया है। गौरतलब है कि कांगो सरकार ने देशद्रोह और बगावत को रोकने के लिए मार्च 2024 में ही मृत्युदंड पर लगी रोक को हटा दिया था।

 

अन्य खबरे