मुंबई में भारी बारिश ने मचाई तबाही, सड़कों पर भरा पानी
मानसून के दस्तक देने के साथ ही देश के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है और उनमें से एक शहर आर्थिक राजधानी मुंबई भी है। लेकिन मुंबई में पहली बारिश ने ही बीएमसी प्रशासन की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी और एक बार फिर मुंबई बारिश में डूबती नजर आई। सोमवार की सुबह आर्थिक राजधानी मुंबई में हुई मूसलाधार बरसात में न सिर्फ आम जनजीवन को अस्त व्यस्त किया है बल्कि ये बताया है कि हमारे मुंबई शहर का सिस्टम ना कभी बदला है और शायद ना कभी बदलेगा।
बीते एक दशक से बारिश के हर मौसम में आर्थिक राजधानी मुंबई का यही हाल रहा है। हर बार प्रशासन और सरकार की तरफ से ये दावा किया जाता है कि इस बार मुंबई पानी में नहीं डूबेगी। लेकिन जब मानसून आता है तो मूसलाधार बरसात होती है और उसके बाद जो तस्वीरें निकलकर सामने आती है वो बताती हैं कि हर साल दावे सिर्फ कागजी होते हैं। मुंबई के दादर, परेल, कुर्ला के निचले इलाकों में बारिश के चलते जल जमाव हो गया।
आपको बता दे कि रविवार की शाम से ही मुंबई, ठाणे, पालघर और मुंबई उपनगर के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं सोमवार की सुबह तो बारिश ने तबाही मचा दी। लगातार बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों के लिए ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। सुबह 10 बजे के आसपास बारिश की कम हो गई, लेकिन आसमान में बादल छाए हुए हैं।
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के लिए मुंबई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। शहर में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हो रहा है। बारिश की वजह से ट्रेन और फ्लाइट दोनों की ही शेड्यूल प्रभावित हुए हैं। बारिश की वजह से फ्लाइट सेवाएं देने वाली कंपनियों ने कस्टमर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है।
स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुंबई में खराब मौसम और भारी बारिश की वजह से सभी प्रस्थान/आगमन और उनकी फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं। विमानन कंपनी में यात्रियों से कंपनी के ऑफिशियल वेबसाइट पर फ्लाइट के स्टेटस को चेक करने की अपील की है.। वहीं एयर इंडिया ने भी एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें कहा गया है, बारिश और आंधी की वजह से मुंबई में फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो रहा है। यात्रा का अनुभव सहज बनाने के लिए हम अपने यात्रियों को एयरपोर्ट पर जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जानने की अपील कर रहे हैं।
वहीं मुंबई में लगातार हो रही बारिश की वजह से रेलवे पटरियों पर भी भारी जलभराव हो गया, जिससे लोकल ट्रेनों की सेवाएं विलंबित हो गई। सुबह के समय लोकल ट्रेनें निर्धारित समय से 10 से 15 मिनटों की देरी से चली, जिसके चलते सुबह अपने काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे हैरान कर देने वाली बात तो ये है महज कुछ घंटो की बारिश की वजह से मुंबई के कई निचले इलाकों और रेलवे पटरियों पर जलभराव हो गया, जिससे सुबह सड़कों पर यातायात और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।
बारिश की वजह से मस्जिद, बायकुला, दादर, माटुंगा और बदलापुर रेलवे स्टेशनों पर मध्य रेलवे नेटवर्क की पटरियां जलमग्न हो गई, जिससे सुबह के व्यस्त घंटों में ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई। हालांकि, पश्चिमी रेलवे ने दावा किया कि उसके ट्रैक पर कोई जलभराव नहीं है और उसके कॉरिडोर पर ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। वहीं हिंद माता, किंग्स सर्कल, मंत्रालय, दादर टीटी ईस्ट, परेल टीटी, कालाचौकी, चिंचपोकली और दादर समेत कई निचले इलाकों में जलभराव देखा गया। जिसके चलते वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है कि मुंबई के वर्ली में स्थित अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भी पानी भर गया है। यानी कुल मिलाकर पूरी मुंबई पानी पानी हो गई है। भारी बारिश के चलते केईएम और टाटा कैंसर अस्पताल समेत चार बड़े अस्पतालों में पानी घुस गया है, जिसमें बच्चों का वार्ड भी शामिल है। मुंबई के नरीमन पॉइंट में सबसे अधिक 104 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा कोलाबा पंपिंग स्टेशन में तिरासी 83 मिमी, नगर निगम मुख्यालय में 80 मिमी कोलाबा फायर स्टेशन में 77 मिमी, आई हॉस्पिटल ग्रांट रोड में 67 सड़सठ मिमी, मेमनवाड़ा फायर स्टेशन में 65 और मालाबार हिल 63 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
तेज़ हवाओं और बारिश की वजह से पेड़ और डालियां गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। सिटी में 4 स्थानों पर और वेस्टर्न सबर्ब्स में 5 जगहों पर पेड़ों के गिरने की सूचना बीएमसी को मिली है। बारिश के चलते वेस्टर्न एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न एक्सप्रेसवे दोनों हाईवेज में ट्रैफिक धीमी रही। वहीं मुंबई, ठाणे और पालघर जैसे तटीय जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जहां पर समुद्री हवाओं के तेज बहाव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार तेज बारिश जारी रहेगी, जिससे जनजीवन पर और अधिक प्रभाव पड़ सकता है। नागरिकों से अपील की जा रही है वे सतर्क रहें, स्थानीय प्रशासन की घोषणाओं का पालन करें और आवश्यक सावधानियां बरतें।